
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। रुड़की में कांग्रेस को उस समय मजबूती मिली, जब वाल्मीकि समाज के दर्जनों लोगों ने महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के सिविल लाइंस स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पूर्व महापौर एवं कांग्रेस नेता गौरव गोयल ने नए सदस्यों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहीं, वाल्मीकि समाज के युवा विनेश कुमार सौदाई को रुड़की एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने भाजपा सरकार पर वाल्मीकि समाज के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रुड़की नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के वेतन और उनकी मांगों से जुड़ा हालिया विवाद इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपनी मांगों को लेकर हड़ताल करनी पड़ी, जो गंभीर विषय है। सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें समय पर वेतन और सम्मान मिलना चाहिए।
राजेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों, वाल्मीकि समाज और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों एवं सम्मान की बात की है। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहना ही किसी राजनीतिक दल की पहचान नहीं है, बल्कि समाज के वंचित वर्गों के हितों के लिए आवाज उठाना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए लोगों से संगठन को मजबूत करने और समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
पूर्व महापौर गौरव गोयल ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले वाल्मीकि समाज के लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी संगठन की ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का कांग्रेस से जुड़ना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नए सदस्य जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएंगे और समाज में भाईचारे एवं समानता की भावना को मजबूत करेंगे।
रुड़की एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर विनेश कुमार सौदाई ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह संगठन को मजबूत बनाने के साथ दलित एवं वाल्मीकि समाज के लोगों की समस्याओं को उठाने का काम करेंगे। समाज के किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय या उत्पीड़न होने पर उसके अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को एकजुट कर उनके सम्मान और अधिकारों के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।


कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया। इस मौके पर संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक समानता को बढ़ावा देने और वाल्मीकि समाज सहित कमजोर वर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।इस दौरान स्वागत कार्यक्रम में गौरव गोयल पूर्व मेयर, डॉ हरविंदर सिंह,प्रधान जसवीर सिंह,यासमीन खान,रिज़वान अहमद, नीरज सैनी,संजय गुड्डू,वीणा आनंद,माया रावत, उम्मीद गाजी,गौरव अग्रवाल, मिलन चौधरी,विशाल सहगल, अक्षय कुमार गौतम, अमित चौधरी, बिजेंद्र कुमार, मुस्तकीम अहमद आदि मौजूद रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies