News

10/12/2026 8:49:21 PM

शहीदों की स्मृति में कबड्डी टूर्नामेंट, विजेता टीमों को सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया सम्मानित

गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार ने पुरुष वर्ग और गुरु प्रस्त अकादमी ने बालिका वर्ग में जीता खिताब, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। शहीद विकास सैनी एवं सोनीत सैनी की स्मृति में सोमवार को फीनिक्स यूनिवर्सिटी, इमलीखेड़ा में मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में पुरुष और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला गुरुकुल कांगड़ी, हरिद्वार और रांगड़वाला की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में गुरुकुल कांगड़ी की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया, जबकि रांगड़वाला की टीम उपविजेता रही। वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल में गुरु प्रस्त अकादमी, हरिद्वार ने शेफील्ड स्कूल, रुड़की को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।


मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मेहनत करने और अपने क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।


प्रतियोगिता का आयोजन भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी के संयोजन में किया गया। आयोजन का उद्देश्य शहीद विकास सैनी और सोनीत सैनी की स्मृतियों को सम्मान देने के साथ क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भाग लिया।


इस अवसर पर राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री मयंक गुप्ता, चैंपियन सूरज रोड़, चंचल चौधरी, चौधरी योगी रोड़, विक्रम गर्ग, राजीव गर्ग, अभिषेक मित्तल, नवनीत सिंह, रामगोपाल कंसल, अरुण सिंह, सेवाराम सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


ये रहीं विजेता टीमें


पुरुष वर्ग में गुरुकुल कांगड़ी, हरिद्वार विजेता और रांगड़वाला उपविजेता रही। बालिका वर्ग में गुरु प्रस्त अकादमी, हरिद्वार ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि शेफील्ड स्कूल, रुड़की की टीम उपविजेता रही।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies