
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। सिविल लाइन्स स्थित एक होटल में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला गया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के प्रदर्शन और उसकी कार्यशैली को आड़े हाथों लेते हुए राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने और विदेश में भारत की छवि धूमिल करने का गंभीर आरोप लगाया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनोज जखमोला ने कहा कि राहुल गांधी की मानसिकता बेहद छोटी हो चुकी है और वे मानसिक रूप से दिवालिया हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। क्या वे सुप्रीम कोर्ट से भी बड़े हो गए हैं, जो अदालत के फैसलों की भी अवहेलना कर रहे हैं? जखमोला ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर देश को बदनाम करने और भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर बेवजह सवाल खड़े करने का काम कर रहे हैं, ताकि वे अपनी डूबती राजनीतिक जमीन को बचा सकें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर (SIR) का कार्य कांग्रेस के कार्यकाल में भी होता था, लेकिन आज इसी प्रक्रिया से राहुल गांधी बौखलाए हुए हैं। कांग्रेस के पास सरकार को बदनाम करने के अलावा और कोई काम नहीं बचा है।
'विज़न 2047' में बाधा बन रही है कांग्रेस
देश के मौजूदा विजन पर बोलते हुए जखमोला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में अराजकता फैलाकर जनता का ध्यान भटकाने में जुटी है। उनका मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विज़न 2047' के तहत देश को आगे बढ़ने से रोकना है।
हरीश रावत की परिवर्तन रैली पर तंज
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की परिवर्तन रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए जखमोला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद कई धड़ों में बंटी हुई है। जो दल अपने संगठन को ही नहीं संभाल पा रहा है, वह प्रदेश में परिवर्तन लाने के सपने कैसे देख सकता है?
प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार केंद्र सरकार के विकास कार्यों में बाधा डालने का काम कर रही है। उन्होंने भाजपा की रीति-नीति और सरकार द्वारा जनहित में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का गुणगान करते हुए जनता से भाजपा के साथ मजबूती से खड़े रहने का आह्वान किया।जिला अध्यक्ष मधु सिंह, महामंत्री सागर गोयल, महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष बृजमोहन सैनी, पंकज नंदा, अमित प्रजापति आदि उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies