
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह के आवासीय भवन में चल रहे एलआईयू कार्यालय की छत का कुछ हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। हादसे के दौरान कार्यालय में मौजूद एलआईयू कर्मी बाल-बाल बच गया। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई फरियादी मौजूद नहीं था,वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हाल ही में धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज की इमारत का हिस्सा गिरने से एक पीएसी जवान की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार कोतवाली पिरान कलियर के बराबर में दरगाह के आवासीय भवन बने हुए हैं। इनमें कुछ कमरों का इस्तेमाल पुलिस कर्मियों के रहने, डाकघर और अन्य कार्यों के लिए किया जा रहा है। इन्हीं कमरों में एक एलआईयू कार्यालय भी संचालित है। मंगलवार को अचानक कार्यालय की छत का कुछ हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। उस समय वहां एक एलआईयू कर्मी मौजूद था,जो हादसे में बाल-बाल बच गया।छत का हिस्सा गिरने से भवन की हालत और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
कार्यालय में रोजाना कर्मचारियों के साथ फरियादियों का भी आना-जाना रहता है। ऐसे में छत का हिस्सा गिरना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।धनौरी के अमृत लॉ कॉलेज में इमारत का हिस्सा गिरने से पीएसी जवान की मौत की घटना के बाद इस हादसे ने एक बार फिर भवनों की सुरक्षा और मरम्मत की जरूरत को उजागर किया है।अब देखना होगा कि संबंधित विभाग भवन की जांच कराकर मरम्मत के लिए कोई कदम उठाता है या नहीं।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies