
राज्यमंत्री आदेश सैनी की मांग पर एसपी देहात ने किया मेन बाजार का निरीक्षण, रामपुर चुंगी से नगर निगम चौक और बीटी गंज में होगी बैरिकेडिंग
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। त्योहारी सीजन में बाजारों को जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक ई-रिक्शा और चौपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसके लिए रामपुर चुंगी से नगर निगम चौक तक मुख्य बाजार मार्ग और बीटी गंज क्षेत्र के विभिन्न चौराहों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। मंगलवार देर शाम एसपी देहात अभय सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ मेन बाजार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


गौरतलब है कि मंगलवार सुबह उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री आदेश सैनी मेन बाजार के व्यापारियों के साथ एसपी देहात अभय सिंह से मिले थे। इस दौरान व्यापारियों ने बाजार में ई-रिक्शा और चौपहिया वाहनों के लगातार आवागमन से लगने वाले जाम की समस्या उठाते हुए इन वाहनों पर रोक लगाने की मांग की थी। एसपी देहात ने व्यापारियों को आश्वासन दिया था कि वह स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

दिए गए आश्वासन के अनुसार एसपी देहात अभय सिंह मंगलवार देर शाम रुड़की मेन बाजार पहुंचे। उनके साथ रुड़की क्षेत्राधिकारी ओशिन जोशी, गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव और यातायात निरीक्षक राजेंद्र नाथ सहित पुलिस टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने बाजार की सड़कों और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण करते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।


पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर सामान फैलाने या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाजार में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए निर्धारित मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक ई-रिक्शा सहित तिपहिया और चौपहिया वाहनों की नो एंट्री लागू रहेगी।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना प्राथमिकता है। नई व्यवस्था से बाजार में जाम की समस्या कम करने, व्यापारियों और ग्राहकों को राहत देने तथा आमजन की आवाजाही आसान बनाने का प्रयास किया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies