
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। धनौरी ग्राम पंचायत में विभागीय जांच करने पहुंची महिला अधिकारी का पीछा करने बिना अनुमति तस्वीरें लेने और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपी शामिल हैं और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्राम पंचायत अधिकारी काजल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 24 अगस्त को वह सहायक समाज कल्याण अधिकारी संध्या शर्मा के साथ धनौरी ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) की विभागीय जांच करने गई थीं। उन्होंने अर्जुन सिंह को फोन कर जांच में शामिल होने की जानकारी दी थी, लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुए।आरोप है कि इसके बाद अर्जुन सिंह उनका पीछा करने लगे और तस्वीरें लेने लगे।
महिला अधिकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत में सरकारी कार्यों के सिलसिले में उन्हें अक्सर जाना पड़ता है।आरोप है कि 28 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे जोनिश सैनी, दीपक सैनी और दो अन्य व्यक्ति रुड़की।विकासखंड कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने जांच रिपोर्ट को लेकर दबाव बनाया और अपने अनुसार जांच करने की बात कही।
आरोप है कि ऐसा नहीं करने पर मोबाइल फोन से ली गई तस्वीरें दिखाकर उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।महिला अधिकारी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अर्जुन सिंह, जोनिश सैनी, दीपक सैनी और दो अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies