
कोर के गौरवशाली इतिहास और युद्ध के दौरान निभाई गई अहम भूमिका को किया याद
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। पीर बाबा कॉलोनी में पूर्व सैनिकों ने भारतीय सेना की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं मैकेनिकल इंजीनियर्स (ईएमई) कोर की 84वीं वर्षगांठ उत्साह और गौरव के साथ मनाई। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद पूर्व सैनिकों ने भी दीप जलाए और ईएमई कोर के प्रतीक चिह्न पर पुष्प अर्पित कर देशसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान सभी ने कोर का गीत गाकर स्थापना दिवस मनाया और कोर के गौरवशाली इतिहास को याद किया।

कार्यक्रम में पूर्व सूबेदार मेजर एसके त्यागी, सूबेदार मेजर डीपी त्यागी, नायब सूबेदार सीपी भट्ट, नायब सूबेदार अमरेंद्र सिंह, बिमला भंडारी और सूबेदार आरके गौतम सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। उन्होंने ईएमई कोर की वर्तमान गतिविधियों और सेना में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी साझा की।


कार्यक्रम संयोजक बुद्धि सिंह राणा ने ईएमई कोर के सभी अधिकारियों, जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को 84वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ईएमई कोर भारतीय सेना की तकनीकी शक्ति का महत्वपूर्ण आधार है। इसका मुख्य कार्य सैन्य उपकरणों, वाहनों, हथियार प्रणालियों और अन्य तकनीकी संसाधनों का रखरखाव, मरम्मत तथा उन्हें युद्ध के लिए तैयार रखना है।

उन्होंने बताया कि युद्ध और आपातकालीन परिस्थितियों में ईएमई के तकनीकी विशेषज्ञ अग्रिम मोर्चों तक पहुंचकर क्षतिग्रस्त सैन्य वाहनों और उपकरणों को दोबारा कार्यशील बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इससे सेना की आवाजाही, रसद आपूर्ति और सैन्य अभियानों को लगातार जारी रखने में मदद मिलती है। कठिन परिस्थितियों में तकनीकी खराबियों को दूर कर उपकरणों को फिर से संचालन योग्य बनाना सैनिकों की कार्यक्षमता और अभियान की सफलता के लिए बेहद अहम होता है।

बुद्धि सिंह राणा ने कोर के इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि आजादी से पहले ईएमई की गतिविधियां आर्मी सर्विस कोर के अंतर्गत संचालित होती थीं। बाद में सेना की तकनीकी जरूरतों को देखते हुए इसे अलग पहचान मिली। उन्होंने कहा कि ईएमई के अधिकारी और जवान अपनी तकनीकी दक्षता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने कोर से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और देश की सेवा में योगदान देने वाले सभी सैनिकों को याद किया। आयोजन का समापन कोर के प्रति सम्मान, एकजुटता और देशसेवा के संकल्प के साथ हुआ।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies