News

10/15/2026 6:46:31 PM

ताइक्वांडो में हरिद्वार के 14 खिलाड़ियों ने हासिल की ब्लैक बेल्ट मास्टर डिग्री, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया सम्मानित

प्रियंका प्रजापति ने चौथी डान डिग्री हासिल कर बनाया कीर्तिमान, बनीं उत्तराखंड की वरिष्ठतम महिला ताइक्वांडो खिलाड़ी


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। ताइक्वांडो के क्षेत्र में हरिद्वार जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित ब्लैक बेल्ट मास्टर डिग्री परीक्षा में हरिद्वार जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के 14 खिलाड़ियों ने सफलता प्राप्त की। इस उपलब्धि पर रुड़की के प्रकाश होटल में आयोजित सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने खिलाड़ियों और मुख्य प्रशिक्षक एम. याकूब को प्रमाणपत्र एवं ब्लैक बेल्ट देकर सम्मानित किया।


ताइक्वांडो एसोसिएशन के जिला सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक एम. याकूब ने बताया कि ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की टीम में शामिल होकर हरिद्वार जिले के खिलाड़ियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया था। रुड़की स्थित बीएसएम ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने ब्लैक बेल्ट मास्टर डिग्री प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। परीक्षा के साथ ही फेडरेशन की ओर से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय रेफरी सेमिनार में भी शामिल कराया गया।


इस उपलब्धि में सबसे खास नाम कुमारी प्रियंका प्रजापति का रहा, जिन्होंने ताइक्वांडो में चौथी डान डिग्री हासिल की। एम. याकूब के अनुसार, प्रियंका यह उपलब्धि प्राप्त करने वाली उत्तराखंड की वरिष्ठतम महिला ब्लैक बेल्ट खिलाड़ी बनी हैं। वहीं, कुमारी नगमा ने दूसरी डान डिग्री प्राप्त की।


ब्लैक बेल्ट मास्टर डिग्री हासिल करने वाले अन्य खिलाड़ियों में भव्या साहनी, नंदनी चौधरी, वैष्णवी, प्रियांशी परिहार, जागृति भार्गव, पारखी आहलुवालिया, कृष्णा, देवेश कौशिक, माधव, रिद्धिमन टपरानिया, शौर्य अग्रवाल और रंजीत आहलुवालिया शामिल हैं।


कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्हें उम्मीद है कि ये खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर हरिद्वार जिले और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।सम्मान समारोह में हरिद्वार जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के अभिभावक मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies