
23 पाइप, बिजली के तार और एसी के तांबे के तार बरामद, आरोपी को भेजा जेल
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। मंगलौर पुलिस ने फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पूरा माल बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को ग्राम पीरपुरा निवासी दिग्विजय ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उसकी फैक्ट्री से पानी के पाइप, एसी के पाइप, विद्युत तार और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

मामले के खुलासे के लिए कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और सुरागरसी करते हुए चोर की तलाश शुरू की। गुरुवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोहम्मद नाजिम पुत्र मोहम्मद शब्बीर निवासी रतिराम गली, माहीग्रांट, भारत नगर, थाना रुड़की को गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 23 पाइप, विद्युत तार, आरी कटर और एसी के तांबे के तार बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मंसूर अली, कांस्टेबल विनोद कुमार और कांस्टेबल अंकित शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies