

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। बीटी गंज रामलीला समिति के तत्वावधान में चल रही रामलीला में शुक्रवार को भक्तों का उत्साह चरम पर रहा। इस दौरान मंचित किए गए प्रसंगों ने दर्शकों को पूरी तरह से मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडाल में दर्शकों की खचाखच भीड़ इस बात की गवाही दे रही थी कि रामलीला के प्रति लोगों की आस्था और प्रेम आज भी उतना ही प्रगाढ़ है।


शुक्रवार की रात सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ हनुमान राम मिलन और राम-सुग्रीव मित्रता के अत्यंत प्रेरणादायी दृश्यों के साथ हुआ। इसके पश्चात, बाली मरण प्रसंग, माता सीता की खोज और अंत में हनुमान जी के पराक्रम को दर्शाते हुए लंका दहन की लीला का अत्यंत सजीव मंचन किया गया।

लीला मंचन के दौरान कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय ने दर्शकों के दिलों को छू लिया। जैसे ही मंच पर राम और हनुमान का मिलन हुआ पूरा पंडाल जय श्री राम और जय बजरंगबली के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। दर्शक दीर्घा में बैठे हर आयु वर्ग के लोग इस दृश्य को देखकर भावविभोर नजर आए और कलाकारों की कला की सराहना करते हुए जमकर तालियां बजाईं।
लंका दहन की लीला के उपरांत, धर्म और आस्था के इस पावन माहौल में व्यापारी नेता अरविंद कश्यप और भाजपा के महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह एवं अन्य गणमान्य लोगों के साथ भगवान श्री राम की आरती की। इसके साथ ही रात्रि के लीला प्रसंगों को विश्राम दिया गया।
इस अवसर पर विशाल गुप्ता, वरुण गोयल, शुक्ला, प्रदीप परूथी, मनोज अग्रवाल, अभिषेक मित्तल, शिवम अग्रवाल, संजय कश्यप, रामकुमार दुखी, गोनू पंडित आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies