News

10/17/2026 1:13:07 PM

दशहरा मेले से पहले दुरुस्त होगा नेहरू स्टेडियम, दिसंबर तक पूरा करना होगा जीर्णोद्धार का काम

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल ने किया निरीक्षण, 20 अक्टूबर को होगा रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::

रुड़की। नेहरू स्टेडियम में 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दशहरा मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। स्टेडियम में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य के कारण मैदान में कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ स्थिति को देखते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल ने रामलीला समिति बीटी गंज के पदाधिकारियों के साथ स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर काम कर रहे ठेकेदार को दशहरे से पहले मैदान को दुरुस्त कर तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेडियम के जीर्णोद्धार का पूरा कार्य दिसंबर तक हर हाल में संपन्न करने को कहा।


नगर निगम की ओर से नेहरू स्टेडियम के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते मैदान में जगह-जगह कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ स्थिति बनी हुई है। आगामी 20 अक्टूबर को रामलीला समिति बीटी गंज की ओर से यहां दशहरा मेले का आयोजन किया जाना है। मेले में रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग स्टेडियम में पहुंचते हैं। ऐसे में मैदान की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मेले के आयोजन को लेकर चिंता बढ़ गई थी।


रामलीला समिति बीटी गंज के महामंत्री सौरभ सिंघल ने इस संबंध में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल से शिकायत करते हुए बताया था कि स्टेडियम तैयार नहीं होने के कारण मेले का आयोजन करना मुश्किल हो रहा है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए कैबिनेट मंत्री, मेयर और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि ठेकेदार की ओर से मैदान को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। ठेकेदार ने मंत्री और मेयर को आश्वस्त किया कि दशहरे से पहले स्टेडियम को मेले के आयोजन के लिए तैयार कर दिया जाएगा। इस पर मंत्री और मेयर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दशहरा मेले से पहले मैदान को समतल कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जाएं। इसके साथ ही जीर्णोद्धार का शेष कार्य दिसंबर तक पूरा किया जाए, ताकि स्टेडियम का उपयोग व्यवस्थित रूप से किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान पार्षद ताहिर अहमद, जेई रिया सैनी, जेई गुरुदयाल सिंह, अमन अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies