
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
चार करोड़ के पशु चिकित्सालय की खिड़कियां बंद करने पर तुला खंड विकास विभाग, नौ फीट ऊंची दीवार से धूप-हवा और जलभराव का खतरा
जेएम ने निर्माण रोकने के दिए थे आदेश, 19 अक्टूबर को होनी है दोनों विभागों की बैठक
रुड़की। रामनगर स्थित नवनिर्मित राजकीय पशु चिकित्सालय की चारदीवारी को लेकर खंड विकास कार्यालय और पशु चिकित्सालय के बीच विवाद गहरा गया है। करीब चार करोड़ रुपये की लागत से बने पशु चिकित्सालय भवन के तीन तरफ नौ फीट ऊंची दीवार बनाए जाने को लेकर पशु चिकित्सा विभाग ने कड़ी आपत्ति जताई है। मामला संयुक्त मजिस्ट्रेट तक पहुंचने के बाद उन्होंने शनिवार को निर्माण कार्य रोकने के आदेश दिए थे और दोनों विभागों की बैठक 19 अक्टूबर को निर्धारित की थी। इसके बावजूद रविवार को भी दीवार का निर्माण जारी रहने से प्रशासनिक आदेशों की पालना पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोहित सिंह ने संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट को पत्र भेजकर चारदीवारी का निर्माण रुकवाने की मांग की है। उनका कहना है कि चिकित्सालय भवन के तीन तरफ नौ फीट ऊंची दीवार बनाई जा रही है। इससे पहली मंजिल पर बनी खिड़कियां बंद हो जाएंगी और भवन में धूप तथा हवा का आवागमन प्रभावित होगा। इससे चिकित्सालय में पशुओं के उपचार के लिए आने वाले पशुपालकों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

डॉ. रोहित सिंह के अनुसार, पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण शासन से करीब चार करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बाद कराया गया है। भवन खसरा संख्या 1226/1 की भूमि पर स्थित है। इसी परिसर में खंड विकास अधिकारी कार्यालय सहित अन्य विभागों के कार्यालय भी संचालित हैं। उन्होंने आशंका जताई कि भवन के आसपास ऊंची दीवार बनने से बारिश के दौरान पानी जमा हो सकता है। इससे गंदगी और बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।
मुख्य द्वार के सामने शौचालय बनाने पर भी आपत्ति
पशु चिकित्सा विभाग ने चिकित्सालय के मुख्य द्वार के सामने शौचालय बनाए जाने की योजना पर भी आपत्ति जताई है। विभाग का कहना है कि इससे चिकित्सालय आने वाले पशुपालकों को असुविधा हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने शनिवार को चारदीवारी का निर्माण तत्काल रोकने के निर्देश दिए थे। साथ ही दोनों विभागों के अधिकारियों के साथ 19 अक्टूबर को बैठक कर विवाद का समाधान निकालने की बात कही थी। लेकिन रविवार को भी निर्माण कार्य जारी रहने से अब इस पूरे मामले में प्रशासन के अगले कदम पर नजरें टिकी हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies