
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। मां दुर्गा की भक्ति, आस्था और बंगाली संस्कृति की अनूठी छटा के बीच रुड़की में सनातनी दुर्गा पूजा उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। मां दुर्गा फाउंडेशन, रुड़की की ओर से आयोजित इस उत्सव में मां दुर्गा का भव्य दरबार सजाया गया है। दिल्ली रोड स्थित भंडारेेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा नेता नितिन मोहन अग्रवाल भी कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना की और सुंदर संध्या आरती में भाग लिया। विशेष रूप से महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। मां दुर्गा की आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते नजर आए।

आयोजन में बंगाली परंपराओं के अनुसार मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है। आकर्षक साज-सज्जा और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। धार्मिक अनुष्ठानों और आरती के माध्यम से भक्त मां दुर्गा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं।
मां दुर्गा फाउंडेशन की ओर से आयोजित यह पूजा उत्सव 15 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम के तहत षष्ठी, सप्तमी, अष्टमी, नवमी, दशमी और विजयदशमी के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।इस आयोजन को सफल बनाने में बंगाली पूजा कमेटी के सदस्य अभिषेक धारा, अरिंदम शुकुल, अरुण सेनगुप्ता, बिल्लाश हलदर, बिपदतारण हाजरा, बोधनाथ मंडल, हिमालय बेरा, निरंजन भट्टाचार्य, प्रियव्रत घोष, संजीव भौमिक और संतोष रॉय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
धार्मिक आयोजन के माध्यम से रुड़की में बंगाली संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है। श्रद्धालुओं की भागीदारी ने उत्सव के माहौल को और भी खास बना दिया है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies