News

10/19/2026 7:29:50 PM

नारी शक्ति महासंगम में गूंजा महिला सशक्तीकरण का संदेश, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी ने किया रंगीलो रास नारी शक्ति महासंगम का उद्घाटन, डांडिया-गरबा की प्रस्तुतियों ने बांधा समां


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। रुड़की में सोमवार को आयोजित रंगीलो रास नारी शक्ति महासंगम में नारी शक्ति, महिला सशक्तीकरण और भारतीय संस्कृति का संगम देखने को मिला। देहरादून रोड स्थित एक वेंकट हॉल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी एवं संकल्प सेवा फाउंडेशन की अध्यक्ष गीता पुष्कर धामी ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, छात्राओं और कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ महिलाओं ने डांडिया और गरबा खेलकर उत्सव का आनंद लिया।


कार्यक्रम में पहुंचीं गीता पुष्कर धामी ने सबसे पहले परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां प्रदर्शित उत्पादों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को रामनवमी और दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की संस्कृति और तीज-त्योहारों की परंपराओं को संजोने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाएं एक ओर पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रत्येक क्षेत्र में कार्य कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर समाज को नई दिशा देने में भी अहम योगदान दे रही हैं।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। महिलाएं मां, बहन, बेटी और विभिन्न सामाजिक भूमिकाओं के माध्यम से परिवार, समाज और संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य करती हैं। ऐसे आयोजनों से महिलाओं की प्रतिभा को मंच मिलने के साथ ही उनके योगदान को पहचान भी मिलती है।


कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर गौरव कौशिक ने कहा कि रंगीलो रास नारी शक्ति महासंगम महिलाओं की प्रतिभा, सामर्थ्य और सामाजिक योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण मंच है। इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।


कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। महिलाओं ने डांडिया और गरबा खेलकर उत्सव के रंग बिखेरे। इस अवसर पर सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सरुनिका बंसल, निताशा वर्मा और किरण दीवान को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संयुक्त संचालन चेतना सेमवाल कौशिक और आकांक्षा कपिल ने किया। इस दौरान महापौर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, मनीषा बत्रा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलकमल शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, विवेक गुप्ता, रोमा सैनी, सुमन कौशिक, श्रद्धा शर्मा, बबीता, सुमन, रिशु वर्मा, देवकी जोशी, अन्नू सिंघल, पारुल गोयल, अंजली गुप्ता, आकांक्षा, मीनू और मेघा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies