ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर किया अनुरोध, छात्राओं को असुविधा से बचाने के लिए उठाया कदम
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। उत्तराखंड किसान मोर्चा की 21 अक्टूबर को रुड़की में प्रस्तावित महापंचायत को देखते हुए स्कूलों की छुट्टी सुबह 11 बजे कराने की तैयारी की जा रही है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट ने इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इसका उद्देश्य महापंचायत के दौरान यातायात प्रभावित होने की आशंका के बीच छात्राओं को असुविधा से बचाना है।
उत्तराखंड किसान मोर्चा की महापंचायत एसडीएम चौक के समीप आयोजित होनी है। इसमें शामिल होने के लिए किसान ट्रैक्टर रैली के माध्यम से विभिन्न मार्गों से महापंचायत स्थल तक पहुंचेंगे। महापंचायत दोपहर करीब 12 बजे शुरू होनी प्रस्तावित है। ऐसे में रैली के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है।इसी को देखते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्कूलों की छुट्टी सुबह 11 बजे तक कराने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा है, ताकि छात्र-छात्राओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन का यह कदम महापंचायत के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और विद्यार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies