
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की घोषणा, 108वें रामलीला महोत्सव से पहले बनेगा भव्य राम द्वार; अगले दशहरे पर नए रूप में सजेगा नेहरू स्टेडियम
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। बीटी गंज रामलीला समिति की ओर से आयोजित 107वें रामलीला महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को नेहरू स्टेडियम में दशहरा मेला धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। पुतलों के दहन के साथ ही पूरा स्टेडियम आतिशबाजी की आवाज से गूंज उठा और दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।


दशहरा पर्व के अवसर पर बीटी गंज से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए नेहरू स्टेडियम पहुंची। स्टेडियम पहुंचने के बाद भगवान श्रीराम और रावण की सेनाओं के बीच युद्ध का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने के बाद अतिथियों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की आरती की। इसके बाद रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। पुतलों में आग लगते ही आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा। दर्शकों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाया।


108वें रामलीला महोत्सव से पहले बनेगा भव्य राम द्वार
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बीटी गंज रामलीला के 108वें संस्करण से पहले रामलीला स्थल के समीप भव्य राम द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही नेहरू स्टेडियम भी अगले दशहरे तक नए रूप में सजा हुआ दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि रामलीला और दशहरा रुड़की की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन आयोजनों को और भव्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
नगर निगम हरसंभव मदद के लिए समिति के साथ : अनीता अग्रवाल
मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम और वह स्वयं हर समय बीटी गंज रामलीला समिति के साथ हैं। रामलीला और दशहरा महोत्सव को भव्य बनाने के लिए समिति को हरसंभव मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराते हैं।
कार्यक्रम का संचालन समिति के महामंत्री सौरभ सिंघल ने किया। इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल, मनोज अग्रवाल, राकेश गर्ग, नवीन जैन, विभोर सेठी, अक्षय प्रताप सिंह, दीपक शुक्ला, ललित मोहन अग्रवाल, प्रदीप परूथी, सावित्री मंगला, अरविंद गोयल और वरुण गोयल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies