
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। शहर देहात में विजय दशमी का पर्व पूरी आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह जहां घरों में दशहरा का पूजन हुआ, वहीं शाम को अनेक जगहों पर अहंकारी रावण के पुतले दहन किए गए। इस बीच युवाओं से लेकर बच्चों और महिलाओं तक का जोश चरम पर बना रहा। पूरे क्षेत्र में जय श्री राम के जयकारों की गूंज बनी रही। 

डिफेंस कॉलोनी में चीता ब्वाॅयज द्वारा सामूहिक रूप से विजय दशमी का पर्व मनाया गया। सुबह के समय दशहरा पूजन कर बहनों ने भाईयों के कानों पर नौरते रखें। मिठाई खिलाकर मूंह मीठा कराया। इस दौरान भाईयों की ओर से भी बहनों को शगुन के तौर पर नकद राशि व अन्य तोहफे दिए गए। शाम को काॅलोनी में चीता ब्वाॅयज द्वारा रावण का दस फुट ऊंचा पुतला जलाया गया, जिसे देखने के लिए आसपास के क्षेत्र से भारी संख्या में भीड़ जुटी रही। पुतले के आग पकड़ते ही पूरा क्षेत्र जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा। चीता ब्वाॅयज ग्रुप के प्रशांत राज पाठक तथा प्रभात राज पाठक ने बताया कि विजय दशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई का प्रतीक है।
विजय दशमी पर भगवान श्री राम ने अहंकारी रावण का वध किया था। इसी खुशी में यह त्योहार मनाया जाता है। आज हमारे आसपास नशा, प्रदूषित वातावरण जैसे अनेक रावण घूम रहे हैं, जिन्हें हमें हराना है और यह सब जागरूकता से ही संभव है। प्रकृति को बचाने के लिए हमें पालिथीन पर भी निर्भरता कम करनी होगी। इस अवसर पर अभय मुंगेर, अनिरुद्ध मुंगेर, आराध्य चौधरी आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies