
राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की अयोध्या वापसी का हुआ मंचन, देर रात होगा राम का राजतिलक
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। बीटी गंज रामलीला समिति की ओर से आयोजित 107वें रामलीला महोत्सव में बुधवार को भरत मिलाप की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। नहर किनारे आयोजित मंचन में भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान की अयोध्या वापसी का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


लीला के बाद सिविल लाइंस स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में सभी कलाकारों और समिति के पदाधिकारियों ने विधिवत पूजन किया। इस अवसर पर कलाकारों का सम्मान भी किया गया। इसके बाद शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए देर रात रामलीला के मंचन स्थल पर पहुंचेगी, जहां भगवान राम के राजतिलक की लीला का मंचन किया जाएगा।


रामलीला महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भरत मिलाप की लीला ने जहां दर्शकों को भावविभोर किया, वहीं शोभायात्रा में भगवान राम के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय हो उठा।इस अवसर पर समिति के महामंत्री सौरभ सिंघल, सावित्री मंगला, मनोज अग्रवाल, नवनीत गर्ग, विपिन सिंघल, अभिषेक मित्तल, अमन अग्रवाल, विशाल गुप्ता सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies