
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को ताजा और गुणवत्तापूर्ण मिठाई उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने गुरुवार को रुड़की शहर में मिठाई की विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को मिठाइयों की निर्माण तिथि के साथ उनके उपयोग की अंतिम तिथि का स्पष्ट उल्लेख करने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्रीय आपूर्ति निरीक्षक योगेंद्र पांडेय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने दुकानदारों को जागरूक करते हुए कहा कि मिठाई की प्रत्येक ट्रे के सामने निर्माण तिथि (एमएफडी) के साथ ‘बेस्ट बिफोर’ अथवा ‘यूज बाय’ की तारीख स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। इससे ग्राहकों को मिठाई की ताजगी और उसकी उपयोग अवधि की जानकारी मिल सकेगी तथा वे सोच-समझकर खरीदारी कर सकेंगे।

इसके साथ ही बेकरी उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों को भी निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि अथवा उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने दुकानदारों को खाद्य उत्पादों पर आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को उत्पाद की गुणवत्ता और उसकी उपयोग अवधि के संबंध में सही जानकारी मिल सके।खाद्य आपूर्ति विभाग की इस पहल का उद्देश्य बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ ही उपभोक्ताओं को ताजा एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies