
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने सत्यापन अभियान के दौरान रेन बसेरे से करीब एक माह से लापता युवती को बरामद किया है। युवती की पहचान कर उसके परिजनों से संपर्क किया और बाल कल्याण समिति की मदद से उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि होटल और बाहरी लोगों के सत्यापन के दौरान रेन बसेरे में एक युवती संदिग्ध अवस्था में घूमती मिली। पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। युवती बोलने में असमर्थ थी। इसके बाद पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद से वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
पुलिस ने युवती की पहचान के लिए प्रचार-प्रसार किया। 21 अक्तूबर को उसके परिजन कोतवाली पहुंचे और युवती की पहचान अपनी लापता बेटी के रूप में की। इसके बाद जिला बाल कल्याण समिति की सहायता से युवती को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।कोतवाली प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।
अभियान के दौरान होटल, ढाबों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है।टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश और महिला कांस्टेबल सरिता राणा शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies