
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। भारतीय किसान यूनियन टोडा की मासिक बैठक रुड़की सिविल लाइंस स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं, उनके समाधान और संगठन की आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन टोडा ने घोषणा की कि भारतीय किसान यूनियन टोडा से जुड़े किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अब प्रत्येक महीने की 24 तारीख को नियमित मासिक बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन किसानों के हक की लड़ाई के लिए आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।
सचिन टोडा ने कहा कि उत्तराखंड किसान मोर्चा को भारतीय किसान यूनियन टोडा का पूर्ण समर्थन है। सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच वार्ता के दौरान जिन मुद्दों पर सहमति बनी है, यदि सरकार उन पर अमल नहीं करती है तो किसान सड़कों पर उतरकर बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने कुछ किसान संगठनों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ संगठन बेवजह बयानबाजी कर दूसरे संगठनों को नीचा दिखाने का प्रयास कर रहे हैं, जो किसान हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी किसान संगठनों को आपसी मतभेद भुलाकर किसानों के अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। यदि किसी संगठन को नीचा दिखाने का प्रयास किया गया तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि भारतीय किसान यूनियन टोडा किसानों के सम्मान, अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन किसानों के हितों की अनदेखी नहीं होने देगा और जरूरत पड़ने पर व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।
बैठक में राष्ट्रीय संयोजक इकबाल प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष नाजिम अली, जिला अध्यक्ष मुबारिक अली, राजवीर चौधरी, विजेंद्र शर्मा, अर्जुन सैनी, परवेज प्रधान, मनोज पाल, सैयद अली, शेर अली, महाकाल, सत्येंद्र, अफजल अली, नवाब अली, आमिर अली, नायाब अली, ललित गिरी, तमिल प्रधान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies