
मुनीश सैनी ने फीता काटकर किया शुभारंभ, पूर्व मेयर यशपाल राणा ने दुर्गा चौक पर किया स्वागत; धार्मिक झांकियों ने मोहा मन
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकटोत्सव के अवसर पर सोमवार को रामनगर स्थित भगवान श्री वाल्मीकि मंदिर समिति की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। आकर्षक धार्मिक झांकियों, ढोल-नगाड़ों और भजनों से पूरा शहर भक्तिमय हो गया। जगह-जगह सामाजिक संगठनों, राजनीतिक प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। पूर्व मेयर यशपाल राणा ने दुर्गा चौक पर शोभायात्रा का स्वागत किया।


शोभायात्रा का शुभारंभ कलियर विधानसभा सीट से पूर्व भाजपा प्रत्याशी एवं भाजपा नेता मुनीश सैनी ने फीता काटकर किया। इससे पहले मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने महर्षि वाल्मीकि जी का गुणगान किया। शोभायात्रा में प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व मेयर पद की कांग्रेस प्रत्याशी पूजा गुप्ता, कलियर विधानसभा प्रभारी अजय टांक, सुभाष नगर मंडल अध्यक्ष संदीप पुरी और डॉ. बृजपाल सहित अनेक राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां शामिल हुईं। मंदिर समिति के अध्यक्ष अंकित बिरला ने अतिथियों का फूल-मालाओं और पटका पहनाकर स्वागत किया।
धार्मिक झांकियों ने मोहा मन, जयकारों से गूंजे मार्ग
शोभायात्रा में सबसे आगे समाज का ध्वज लेकर घोड़े पर सवार समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य चल रहे थे। इसके पीछे ढोल-नगाड़ों, नासिक बैंड, पंजाबी ढोल और डीजे पर बजते धार्मिक भजनों के बीच आकर्षक झांकियां निकाली गईं। भगवान गणेश, महादेव-पार्वती के अघोरी नृत्य, लव-कुश और महर्षि वाल्मीकि जी की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। विशेष रूप से महादेव-पार्वती का अघोरी नृत्य और लव-कुश की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।

शोभायात्रा को देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा
शोभायात्रा वाल्मीकि बस्ती और अशोक मार्ग से शुरू होकर रामनगर शिव चौक, रामनगर चौक, मकतूलपुरी, शेर सिंह राणा चौक, राजकीय इंटर कॉलेज, पुराना रेलवे रोड, चौक मंडी, चंद्रपुरी, दुर्गा चौक, नेहरू स्टेडियम के सामने स्थित पुल, नगर निगम, मेन बाजार, मिलन चौक और इमली चौक होते हुए ईदगाह चौक की ओर बढ़ी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। दुर्गा चौक पर पूर्व मेयर यशपाल राणा ने भी शोभायात्रा का स्वागत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।

महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने रामायण की रचना कर संपूर्ण मानव समाज को धर्म, ज्ञान, मर्यादा और आदर्श जीवन का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का काम कर रहे हैं। सभी को उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।

वक्ताओं ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज में समानता, आपसी सम्मान और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना चाहिए। ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि विभिन्न समाजों के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का भी काम करते हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाएं
शोभायात्रा के दौरान समिति के पदाधिकारी एक जैसी पोशाक में अनुशासित ढंग से शामिल हुए। कार्यक्रम संयोजक एवं समिति के संरक्षक तथा वार्ड संख्या 38 के पार्षद मनीष बॉलर और समिति के संरक्षक विक्की लहरा ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति अध्यक्ष अंकित बिरला के नेतृत्व में पदाधिकारियों और सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं।

आयोजन में डॉ. जोगेंद्र, धर्मपाल उर्फ पप्पू, प्रमोद कुमार, सूरज कुमार, निक्का, महिपाल, इंद्रेश, सिद्धार्थ, तनिष्क, रजत, बिट्टू, राजीव, सुमित, सागर और विवेक सहित वाल्मीकि समाज के अनेक लोगों ने सहयोग किया।कार्यक्रम संयोजक मनीष बॉलर, संरक्षक विक्की लहरा और समिति अध्यक्ष अंकित बिरला ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को अपनाना और उनके दिखाए मार्ग पर चलना हम सभी का दायित्व है। शोभायात्रा में वाल्मीकि समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन ने सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies