News

10/28/2026 12:55:45 PM

रामनगर चौक पर तमंचे के साथ संदिग्ध युवक गिरफ्तार, वारदात की फिराक में होने की आशंका

पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना, गंगनहर कोतवाली में युवक से पूछताछ जारी


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। शहर के रामनगर चौक पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक संदिग्ध युवक को तमंचे के साथ हिरासत में लिया है। युवक के पास हथियार होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रामनगर चौक के समीप से पकड़ लिया। युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था या नहीं, इस संबंध में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।


जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है। रामनगर चौक पर तैनात पुलिस कर्मियों को सूचना मिली कि चौक के समीप एक संदिग्ध युवक मौजूद है, जिसके पास हथियार है। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मियों ने सतर्कता बरती और बताए गए स्थान पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा बरामद होने की बात सामने आई है।


पुलिस युवक को हिरासत में लेकर गंगनहर कोतवाली पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से वहां पहुंचा था। हालांकि, उसके इरादों और हथियार रखने के कारणों को लेकर अभी पुलिस की जांच जारी है।


रामनगर चौक जैसे व्यस्त क्षेत्र में हथियार के साथ संदिग्ध युवक के पकड़े जाने से पुलिस की सतर्कता एक बार फिर चर्चा में है। समय रहते युवक को पकड़ लिए जाने से किसी संभावित घटना को टालने में मदद मिली।गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि युवक को तमंचे के साथ पकड़ा गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies