
लखनऊ में बसपा सुप्रीमो से मुलाकात के बाद लगाए जा रहे कयास, खानपुर में जल्द बड़ी जनसभा कर शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की। खानपुर विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के करीबी रहे यासीर अरफात अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। हाल ही में लखनऊ में बसपा सुप्रीमो से उनकी मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके बसपा में शामिल होने और खानपुर से चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।


यासीर अरफात का कहना है कि जल्द ही खानपुर विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से पार्टी को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का काम किया जाएगा। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
खानपुर विधानसभा सीट पहले से ही प्रदेश की चर्चित सीटों में शामिल रही है। वर्तमान में यहां से निर्दलीय चुनाव जीतकर उमेश कुमार विधायक हैं। वहीं भाजपा में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी टिकट के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं, जबकि इंटक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उदय सिंह पुंडीर भी टिकट की दौड़ में मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं।
इस विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम और दलित मतदाताओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में यदि बसपा यासीर अरफात को प्रत्याशी बनाती है तो चुनावी समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पहले से ही राजनीतिक दावेदारों के चलते चर्चा में रहने वाली खानपुर सीट पर बसपा की सक्रियता मुकाबले को और दिलचस्प बना सकती है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies