
पुरानी तहसील स्थित काली माता मंदिर के पास हुआ हादसा, दुकान के ऊपर बने मकानों में रहने वाले परिवारों में मचा हड़कंप
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी तहसील स्थित काली माता मंदिर के नजदीक शनिवार देर शाम एक दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, दुकान में ऑटो स्पेयर पार्ट्स का सामान रखा हुआ था, जिसमें हेलमेट, गाड़ियों की हेडलाइट और अन्य उपकरण शामिल थे। बताया जा रहा है कि दुकान में अतिरिक्त स्पेयर पार्ट्स का सामान रखा हुआ था।अचानक दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान के ऊपर आवासीय मकान बने हुए हैं, जिनमें परिवार रहते हैं। आग और धुएं को देखकर मकानों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
आनन-फानन में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान के अंदर रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies