
25 बार हो चुकी उच्चस्तरीय जांच, आज तक नहीं मिली कोई खामी : रजनीश शर्मा और ममतेश शर्मा
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। परशुराम भवन पर धरने पर बैठे ब्राह्मण समाज के लोगों के आरोपों पर बीएसएम शिक्षण संस्थान के पदाधिकारियों ने पलटवार किया है। बीएसएम लॉ कॉलेज में आयोजित पत्रकार वार्ता में रजनीश शर्मा और ममतेश शर्मा ने धरने पर बैठे लोगों को ब्लैकमेलर बताते हुए आरोप लगाया कि उनके द्वारा पैसों की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि संस्थान पर पहले भी कई बार आरोप लगाए जा चुके हैं, जिनकी करीब 25 बार उच्चस्तरीय जांच हो चुकी है, लेकिन आज तक किसी भी जांच में कोई खामी सामने नहीं आई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मामले को लेकर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन शहर की जनता सब कुछ समझती है। उन्होंने कहा कि धरने पर बैठे कुछ लोग खुद को भारतीय ब्राह्मण समाज का पदाधिकारी बता रहे हैं, जबकि भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अजय कौशिक हैं और वह भी इस पत्रकार वार्ता में मौजूद हैं।
गौरतलब है कि परशुराम भवन पर 29 अक्टूबर से ब्राह्मण समाज के लोगों का धरना जारी है। धरनारत लोगों का आरोप है कि बीएसएम शिक्षण संस्थान ब्राह्मण समाज की संपत्ति है, जिस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर उसे निजी संपत्ति बना लिया है। इसी मामले को लेकर समाज के लोग लगातार धरना दे रहे हैं। अब संस्थान के पदाधिकारियों की ओर से आरोपों का जवाब दिए जाने के बाद यह विवाद और चर्चा में आ गया है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies