News

11/3/2026 4:47:34 PM

आनन्द स्वरूप विद्या मंदिर में नवनिर्मित व्यायामशाला का लोकार्पण, विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। दिल्ली रोड स्थित आनन्द स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में नवनिर्मित व्यायामशाला (बल साधना केंद्र) का लोकार्पण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ के साथ शुरू हुए समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से व्यायामशाला का लोकार्पण किया। नई व्यायामशाला में आधुनिक उपकरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को शारीरिक व्यायाम, योग और फिटनेस की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


समारोह का शुभारंभ संस्कृताचार्य विवेक पांडेय और योगेश शास्त्री के सानिध्य में यज्ञ के साथ हुआ। इसके बाद प्रबंधक डॉ. रजत अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा, सहप्रबंधक दिनेश पंवार, कर्नल रविंद्र बंसल और प्रवीण गर्ग ने व्यायामशाला का लोकार्पण किया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।


विद्यालय प्रबंधक डॉ. रजत अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद, बौद्धिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्राथमिकता दे रहा है। इसी उद्देश्य से आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यायामशाला का निर्माण कराया गया है, जिससे विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास हो सके।


सहप्रबंधक दिनेश पंवार ने कहा कि चरित्रवान बच्चे ही देश की वास्तविक निधि हैं। विद्यार्थियों को ज्ञान, योग और संस्कृति को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। वहीं कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए नियमित व्यायाम आवश्यक है। व्यायामशाला में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों से विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा।

प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कार और चरित्र निर्माण पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं। ऐसे प्रयासों से विद्यार्थियों को भविष्य में समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और पूर्णता मंत्र के साथ हुआ। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य मोहन सिंह मटियानी, भवन प्रभारी जसवीर सिंह पुंडीर, भावना त्यागी, शमा अग्रवाल, आनन्द कुमार सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies