
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
हरिद्वार। शिक्षा और तकनीकी कौशल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आरसीपी यूनिवर्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने विश्वविख्यात बहुराष्ट्रीय आईटी कंपनी आईबीएम (IBM) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को नियमित डिग्री के साथ-साथ आईबीएम के अंतरराष्ट्रीय स्तर के कौशल आधारित प्रमाणपत्र प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। संस्थान की इस पहल से विद्यार्थियों के लिए रोजगार और करियर के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
समझौते के अंतर्गत आईबीएम स्किल्सबिल्ड के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न उद्योग आधारित कौशल विकास एवं प्रमाणन पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि इसका लाभ केवल तकनीकी संकाय के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इंजीनियरिंग, फार्मेसी, प्रबंधन, पैरामेडिकल, मेडिकल, कंप्यूटर साइंस सहित विश्वविद्यालय के सभी संकायों के विद्यार्थी उठा सकेंगे। विद्यार्थियों की सुविधा के अनुसार इन पाठ्यक्रमों का संचालन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जाएगा।
इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक दक्षता और उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा। इससे उनकी रोजगार क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर की संभावनाएं बेहतर होंगी।

संस्थान के अनुसार हरिद्वार जनपद में आरसीपी यूनिवर्स पहला संस्थान है, जिसने आईबीएम जैसी विश्वविख्यात कंपनी के साथ इस प्रकार का समझौता किया है। वर्तमान में रोजगार के क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और तकनीकी बदलावों को देखते हुए इसे उच्च शिक्षा के साथ कौशल विकास को जोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर संस्थान की चेयरपर्सन डॉ. अलका चौधरी और चेयरमैन डॉ. अश्वनी चौधरी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें कुशल, आत्मनिर्भर और रोजगार के योग्य बनाना है। बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों को नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए संस्थान लगातार प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ समझौते कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आईबीएम के साथ हुआ यह समझौता विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमाणपत्र हासिल करने में मददगार साबित होगा। इससे उनके भविष्य और करियर को नई दिशा मिलेगी। इस दौरान निदेशक डॉ. अनुज शर्मा और उप-कुलसचिव नीरज सैनी भी उपस्थित रहे।आरसीपी यूनिवर्स की इस पहल को क्षेत्र में उच्च शिक्षा और रोजगारपरक कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies