
विधायक उमेश कुमार ने राज्य योजना निधि से कराया नाला स्वीकृत, सोनिया शर्मा ने जेसीबी चलाकर किया शुभारंभ
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। ढंढेरा क्षेत्र की राज विहार, डिफेंस कॉलोनी, कर्नल एन्क्लेव सहित आसपास की कॉलोनियों के लोगों को पिछले 20 वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है। खानपुर विधायक उमेश कुमार के प्रयासों से क्षेत्र में एक हजार मीटर लंबे नाले का निर्माण स्वीकृत कराया गया है। बुधवार को जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने विधि-विधान के साथ जेसीबी चलाकर नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस दौरान सोनिया शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से जल निकासी की समस्या से परेशान थे। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। जलभराव के कारण कई परिवारों को यहां से पलायन तक करना पड़ा। विधायक उमेश कुमार ने कॉलोनीवासियों से इस समस्या का समाधान कराने का वादा किया था। उन्होंने वादा पूरा करते हुए अपनी राज्य योजना निधि से एक हजार मीटर नाले का निर्माण स्वीकृत कराया है।
बताया गया कि नाला निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य भी शुरू कराया जाएगा। इस मौके पर नगर पंचायत ढंढेरा के सभासदों सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे। लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई और विधायक उमेश कुमार का आभार व्यक्त किया।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies