
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। इस वक्त की सबसे बड़ी खबर रुड़की की गंगनहर कोतवाली से सामने आ रही है, जहां भारतीय किसान यूनियन क्रांति के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटी हुई है। दरअसल, मंगलवार देर रात गणेशपुर में भारतीय किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनिक के साथ कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला लगातार तूल पकड़ता चला गया।

बुधवार दोपहर से ही भारतीय किसान यूनियन क्रांति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में गंगनहर कोतवाली पहुंचने लगे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनिक के साथ हुई घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
बताया जा रहा है कि देर शाम पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बावजूद कार्यकर्ता संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद शाम करीब 6 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कोतवाली परिसर में ही दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए।
वहीं, इस पूरे मामले में आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी महक सिंह और तेज प्रताप सैनी भी धरने पर बैठे नजर आए। उनका आरोप है कि गंगनहर कोतवाली पुलिस की ओर से दोनों वीडियो वायरल किए गए। उन्होंने मांग की कि पुलिस को मीडिया के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही जिस भी संगठन या व्यक्ति की भूमिका इस प्रकरण में सामने आती है, उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

फिलहाल गंगनहर कोतवाली परिसर में हंगामे और धरने का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और धरने पर बैठे कार्यकर्ता कब तक अपना आंदोलन समाप्त करते हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies