
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
कलियर/धनौरी। हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में दीपावली के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कॉलेज के सभी संकायों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए। वहीं मनोरंजक खेल और गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।छात्र-छात्राओं ने खरीदारी के साथ मेले का जमकर आनंद लिया। पूरे कॉलेज परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रुड़की के प्राचार्य डॉ. आकाश सारस्वत ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आत्मनिर्भर बनने और व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने का अवसर देते हैं। पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ती है।धनौरी चौकी प्रभारी महिपाल सैनी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत और रचनात्मकता से मेले को खास बना दिया है। ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।मेले में कॉलेज के सभी संकायों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए। छात्राओं ने विशेष उत्साह के साथ व्यंजनों के स्टॉल सजाए।
वहीं विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।इस मौके पर डॉ. हर्ष सैनी, डॉ. आदित्य सैनी, कॉलेज प्राचार्य मुनेन्द्र सिंह, उपप्राचार्य योगेश कुमार, शिक्षकगण, कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies