

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। शास्त्री नगर स्थित न्यू सरस्वती विद्या मंदिर में धनतेरस एवं दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न सामाजिक विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में सोशल मीडिया की बढ़ती लत, महिलाओं के विरुद्ध हिंसा रोकने तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया। विशेष रूप से सोशल मीडिया की लत पर आधारित रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। छात्राओं ने संदेश दिया कि मोबाइल का उपयोग ज्ञान और आवश्यक कार्यों के लिए होना चाहिए, न कि इसकी आदत में जीवन का बहुमूल्य समय बर्बाद करना चाहिए।

प्रतियोगिता में आंशीका, अवनी, स्नेहा, जानवी, यश्वी, ईशिका, पलक, ईशा, ज्योति, वाणी, अनामिका, अंजली, परी, प्रीति एवं गार्गी सहित अन्य छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक नवीश अरोड़ा एवं प्रधानाचार्य मधु अरोड़ा ने कहा कि आज के समय में बच्चों को मोबाइल और सामाजिक माध्यमों के अनावश्यक इस्तेमाल से बचाना बेहद जरूरी है। अभिभावकों को भी बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए तथा उन्हें पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करना चाहिए। मोबाइल हमारी जरूरत बने, हमारी जिंदगी नहीं।

कार्यक्रम में विद्यालय निदेशक नवीश अरोड़ा, रायनंदनी, अधिराज, राखी अरोड़ा, रूपा चौहान, पायल, अंजली, अल्का, आशीष, कुनाल, विकास एवं अर्शिका सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी को धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित त्योहार मनाने, आतिशबाजी से होने वाले प्रदूषण और दुर्घटनाओं से बचने तथा छोटे बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies