News

11/6/2026 5:52:44 PM

पांच साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार-एक महीने की मशक्कत के बाद मिली सफलता-चॉकलेट और खाने-पीने की चीज दिलाने का लालच देकर खंडहर में ले गया था आरोपी-वारदात के बाद दिल्ली भाग गया था...

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। पांच साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले में कलियर पुलिस ने करीब एक महीने की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बच्ची को चॉकलेट और खाने-पीने की चीज दिलाने का लालच देकर सुनसान खंडहर में ले गया था, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी अपनी झोपड़ी हटाकर दिल्ली फरार हो गया था। पुलिस ने 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बच्ची की मदद से आरोपी का स्केच तैयार कराकर उसकी पहचान की। पुलिस की लगातार मेहनत के बाद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।


मोतीचूर बहराइच (उत्तर प्रदेश) निवासी एक व्यक्ति ने सात अक्टूबर को कोतवाली कलियर में तहरीर देकर बताया था कि छह अक्टूबर को अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पांच वर्षीय बेटी को बहला फुसलाकर कर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की। टीम ने आरोपी की पहचान के लिए दरगाह परिसर, कलियर-रुड़की मार्ग, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बाजार में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही बच्ची के बताए हुलिए के आधार पर आरोपी का स्केच तैयार कराया गया। लगातार जांच और तलाश के बाद पांच नवंबर को पुलिस ने अब्दाल साहब रोड से इमलीखेड़ा जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया।पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में वारदात में शामिल होना बताया। आरोपी ने बताया कि करीब एक महीने पहले कलियर टीन शेड के पास बच्ची को अकेला देखकर खाने-पीने की चीज दिलाने का लालच दिया और उसे पीएनबी बैंक के पास स्थित एक खंडहर में ले गया और वारदात के बाद वह बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पकड़े जाने के डर से अगले दिन अपनी झोपड़ी हटाकर दिल्ली चला गया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिकंदर उर्फ जमीं खां (35) निवासी पुराना रामपुर रोड शाहबाद जिला रामपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी कलियर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई रमेश कुमार सैनी, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी अमित नौटियाल, एसआई एकता ममगाईं, एएसआई सूरज नेगी, कुंदन सिंह रावत, रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, माजिद खान, इसरार अली, रविंद्र बालियान, जमशेद अली, अमित कुमार, जयप्रकाश, विक्रम चौहान सहित सीआईयू रुड़की के मनमोहन भंडारी, महिपाल सिंह और रविंद्र खत्री शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies