
9 नवंबर को अशोक नगर में धूमधाम से मनेगा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेंगी आकर्षक प्रस्तुतियां
रुड़की। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति एवं अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति की ओर से 9 नवंबर को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर अशोक नगर शिव चौक स्थित मैदान में दोपहर एक बजे से भव्य समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान करने के साथ ही उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति एवं अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति के केंद्रीय अध्यक्ष तथा रुड़की तहसील के प्रथम राज्य आंदोलनकारी हर्ष प्रकाश काला ने बताया कि कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित होगा। पहले सत्र में दोपहर एक बजे से तीन बजे तक उन राज्य आंदोलनकारियों को समिति की ओर से सम्मानित किया जाएगा, जो सरकार की उपेक्षा के चलते अभी तक चिन्हीकरण से वंचित हैं। 
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसे आंदोलनकारियों का सम्मान नहीं करती है तो संघर्ष समिति स्वयं आगे आकर उनका सम्मान करेगी।पहले सत्र के मुख्य अतिथि खानपुर विधायक उमेश कुमार होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संरक्षक एवं समाजसेवी पूर्व सूबेदार मोहनलाल गौड़ करेंगे।


दूसरे सत्र का शुभारंभ दोपहर तीन बजे होगा। इसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित गीत-संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस सत्र के मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत होंगे, जबकि अध्यक्षता राज्य आंदोलनकारी एवं ढंडेरा नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी करेंगे।
हर्ष प्रकाश काला ने चिन्हीकरण से वंचित सभी राज्य आंदोलनकारियों से दोपहर एक बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों की ओर से भी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति वर्ष 2000 से लगातार प्रत्येक वर्ष राज्य स्थापना दिवस को भव्य समारोह के रूप में मनाती आ रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies