
दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर बेलगाम दौड़ रहे ओवरलोड वाहन, हादसों के बावजूद जिम्मेदार विभाग मौन
दैनिक रुड़की (राजेश कुमार)::
मंगलौर। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर ओवरलोड गन्ने और अन्य सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन वाहन चालकों के लिए खतरा बनता जा रहा है। शनिवार को ओवरलोड गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने हाईवे पर चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खुलेआम दौड़ रही हैं। ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक गन्ना और अन्य सामग्री लादकर ले जाई जा रही है। कई बार इनसे सड़क पर यातायात भी प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।


लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर प्रशासन इन बेलगाम ओवरलोड वाहनों पर कब लगाम लगाएगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से हाईवे पर विशेष अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ऐसे वाहनों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies