
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। रामनगर स्थित गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब में बंदी छोड़ दिवस एवं गुरुद्वारा साहिब का 63वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य महान कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु चरणों में माथा टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में रुड़की नगर निगम के पूर्व महापौर एवं कांग्रेस नेता यशपाल राणा तथा पूर्व महापौर गौरव गोयल ने भी गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेका। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और समस्त संगत को स्थापना दिवस एवं बंदी छोड़ दिवस की शुभकामनाएं दीं।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 2 नवंबर से 8 नवंबर तक श्री अखंड पाठ साहिब, गुरबाणी कीर्तन, अरदास और दीपमाला सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। 8 नवंबर को विशेष कीर्तन दरबार एवं दीपमाला का आयोजन किया गया।
सोमवार 9 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नितनेम एवं श्री सुखमनी साहिब के पाठ से हुई। इसके बाद विभिन्न रागी जत्थों और कीर्तन मंडलियों ने मधुर गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। इस दौरान बच्चों ने भी कीर्तन प्रस्तुत कर गुरु महिमा का गुणगान किया।
धार्मिक आयोजनों के उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को भी श्री रहरास साहिब, श्री सुखमनी साहिब के पाठ एवं कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया।इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं संगत ने आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु साहिब की शिक्षाओं, सेवा, सिमरन और आपसी भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies