News

11/11/2026 7:34:42 AM

लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करने वाले कांग्रेस नेता वैभव सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, असलहा जब्त.

दीपावली पर फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर किया था वायरल, पत्नी भी वीडियो में आई थी नजर

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। दीपावली के अवसर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना कांग्रेस नेता वैभव सैनी को भारी पड़ गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने जांच के बाद आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने संबंधित लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी कब्जे में ले लिया है।


जानकारी के अनुसार, आठ नवंबर को दीपावली के अवसर पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक व्यक्ति हाथ में लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो में उसकी पत्नी भी रिवॉल्वर से फायरिंग करती नजर आई थी। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के संज्ञान में आने के बाद मंगलौर पुलिस को वीडियो की जांच कर संबंधित लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए गए।


पुलिस ने जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान ग्राम निजामपुर निवासी वैभव सैनी पुत्र यशपाल सिंह के रूप में की। पूछताछ के दौरान उसके पिता यशपाल सिंह ने भी पुष्टि की कि वीडियो में उनका बेटा लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर रहा है।


पुलिस ने लाइसेंसी असलहे का इस प्रकार इस्तेमाल करना शस्त्र लाइसेंस की शर्तों और आयुध संबंधी नियमों का उल्लंघन माना। इसके बाद मंगलौर कोतवाली पुलिस ने वैभव सैनी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 538/2026, धारा 3/30 आयुध अधिनियम, 1959 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने संबंधित रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उत्सव या सार्वजनिक अवसर पर असलहों से हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है। इस तरह के कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies