
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
भगवानपुर। थाना भगवानपुर क्षेत्र के सिकरोड़ा गांव के पास देर रात पुलिस और गौकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, सिकरोड़ा गांव के पास स्थित आम के बाग में कुछ लोगों द्वारा गौकशी की तैयारी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाग की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद, निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि छोटू गो-तस्करी और गौकशी के मामलों में चर्चित रहा है। उसकी गिरफ्तारी और मुठभेड़ की सूचना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की। पुलिस मामले में आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies