
बाहरी और धनबल वाले चेहरे को टिकट देने की चर्चाओं से बढ़ी नाराजगी, पार्टी नेतृत्व के सामने खड़ी हुई बड़ी चुनौती
दैनिक रुड़की ब्यूरो::
मंगलौर। मंगलौर विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर अभी से सियासी पारा चढ़ने लगा है। खासकर भारतीय जनता पार्टी में टिकट को लेकर अंदरखाने हलचल तेज हो गई है। पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच बाहरी चेहरे और धनबल के दम पर टिकट हासिल करने की चर्चाओं ने नाराजगी को हवा दे दी है। संगठन के लिए वर्षों से पसीना बहाने वाले कार्यकर्ता अब खुलकर अपनी भावनाएं जाहिर करने लगे हैं। ऐसे में मंगलौर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर अंदरूनी खींचतान की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने पार्टी को मजबूत करने के लिए लंबे समय से जमीन पर काम किया है। चुनाव हो या संगठन का कोई कार्यक्रम, हर मौके पर कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई है। बूथ स्तर से लेकर जनसंपर्क तक कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए लगातार प्रयास किए हैं। इसके बावजूद यदि टिकट वितरण के समय उनकी मेहनत और समर्पण को दरकिनार कर किसी बाहरी अथवा धनबल वाले व्यक्ति को प्राथमिकता दी जाती है तो यह उन कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय होगा, जो वर्षों से पार्टी का झंडा उठाकर चल रहे हैं।
कार्यकर्ताओं का तर्क है कि चुनाव केवल धनबल के सहारे नहीं जीते जाते, बल्कि इसके लिए क्षेत्र की जनता के बीच मजबूत पकड़, लगातार जनसंपर्क और संगठन के प्रति समर्पण भी जरूरी है। उनका मानना है कि पार्टी को ऐसे व्यक्ति को प्रत्याशी बनाना चाहिए, जो मंगलौर की समस्याओं से भली-भांति परिचित हो और जिसका क्षेत्र की जनता के बीच अपना जनाधार हो। चुनाव के समय अचानक सक्रिय होने वाले चेहरे के बजाय ऐसे कार्यकर्ता को मौका मिलना चाहिए, जिसने हर परिस्थिति में पार्टी के साथ खड़े रहकर संगठन को मजबूत किया हो।

टिकट की चर्चाओं ने बढ़ाई बेचैनी
मंगलौर विधानसभा सीट पर भाजपा की ओर से किस चेहरे को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा, इसको लेकर अभी से तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं स्थानीय कार्यकर्ताओं की नाराजगी ने पार्टी नेतृत्व के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। यदि टिकट वितरण में स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नजरअंदाज किया गया तो इसका असर चुनावी तैयारियों और संगठन की एकजुटता पर भी पड़ सकता है।

अब सवाल नेतृत्व की परीक्षा का
मंगलौर की सियासत में सबसे बड़ा सवाल यही है कि भाजपा नेतृत्व स्थानीय कार्यकर्ताओं की नाराजगी को कितनी गंभीरता से लेगा? क्या पार्टी संगठन के प्रति वर्षों से समर्पित कार्यकर्ताओं में से किसी चेहरे पर दांव लगाएगी या फिर चुनावी समीकरण और आर्थिक रूप से मजबूत माने जाने वाले संभावित दावेदारों को प्राथमिकता मिलेगी? फिलहाल टिकट को लेकर चर्चाओं ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। आने वाले दिनों में भाजपा का फैसला न केवल मंगलौर की चुनावी तस्वीर तय करेगा, बल्कि यह भी स्पष्ट करेगा कि पार्टी के लिए संगठन के पुराने कार्यकर्ताओं की मेहनत कितनी मायने रखती है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies