News

11/12/2026 1:35:14 PM

विकसित रुड़की 2030 का रोडमैप पेश, गंगनहर किनारे बनेगा 15 किलोमीटर लंबा साइकिल और वॉकिंग ट्रैक

सौरभ सैनी ने शहर के विकास के लिए दो हजार करोड़ रुपये की योजना बताई, सीएसआर फंड से जुटाएंगे बजट; रुड़की संवाद एप भी किया लॉन्च


दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। युवा भाजपा नेता एवं एसमैस्ट संस्था के संस्थापक सौरभ सैनी ने रुड़की शहर के विकास को लेकर अपना विजन पत्रकारों के सामने रखा। उन्होंने वीडियो के माध्यम से 'विकसित रुड़की 2030' का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए शहर के बुनियादी ढांचे, यातायात, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यटन को लेकर कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी।


सौरभ सैनी ने बताया कि योजना के तहत गंगनहर के किनारे करीब 15 किलोमीटर लंबा साइकिल और पैदल पथ विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। गणेशपुर पुल से नगर निगम पुल तक हरित क्षेत्र और आधुनिक पैदल पथ बनाया जाएगा। इससे लोगों को आवागमन के बेहतर विकल्प मिलेंगे, शहर में यातायात का दबाव कम होगा और रुड़की की सुंदरता बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।


उन्होंने शहर को आसपास के बाईपास से जोड़ने के लिए 40 विद्युत बसें संचालित करने की योजना भी रखी। इसके अलावा रुड़की सिविल अस्पताल को 300 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव शामिल किया गया है।


उन्होंने बताया कि पूरे रोडमैप को धरातल पर उतारने के लिए करीब दो हजार करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी। इस धनराशि को सरकारी बजट पर निर्भर रहने के बजाय विभिन्न कंपनियों के सामाजिक उत्तरदायित्व कोष (सीएसआर) और अन्य माध्यमों से जुटाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि काम करने का इरादा सही हो तो बजट बाधा नहीं बनता। जनप्रतिनिधि कोई भी हो, सभी को मिलकर शहर के हित में काम करना चाहिए।


विरासत संरक्षण से लेकर आवास तक की योजना


रोडमैप में शहर की सड़कों को बेहतर बनाने, आसपास के क्षेत्रों को रुड़की से जोड़ने, गंगनहर किनारे विकसित घाट बनाने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की योजना शामिल है। इसके साथ ही ऐतिहासिक सोलानी एक्वाडक्ट की विरासत को संरक्षित करने, आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेलवे स्टेशन और बस अड्डा विकसित करने, शहर में 20 मोहल्ला क्लीनिक खोलने और पांच हजार किफायती आवास बनाने का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं को औद्योगिक कौशल का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की योजना भी इसमें शामिल है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं को तीन चरणों में पूरा करने का प्रस्ताव है।


रुड़की संवाद एप किया लॉन्च


इस अवसर पर सौरभ सैनी ने 'रुड़की संवाद एप' भी लॉन्च किया। उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से शहरवासी अपनी मूलभूत समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को विभिन्न विभागों एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा सकेंगे। खास बात यह होगी कि एप पर दर्ज शिकायतों की स्थिति भी लोग देख सकेंगे।


उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं के समाधान के लिए केवल जनप्रतिनिधियों पर निर्भर रहना उचित नहीं है। उनका उद्देश्य किसी जनप्रतिनिधि को इसके लिए जिम्मेदार ठहराना नहीं, बल्कि शहर के विकास में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए जनभागीदारी और सामुदायिक सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि रुड़की अपनी ऐतिहासिक विरासत और विशिष्ट पहचान के लिए जाना जाता है। सामूहिक प्रयासों से शहर को एक नए स्वरूप में विकसित किया जा सकता है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies