
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड की कार्यकर्ताओं का तहसील परिसर में धरना शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने मानदेय वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। धरने को समर्थन देने पहुंचीं कांग्रेस नेता पूजा गुप्ता ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने का वायदा किया था, लेकिन अब एक दिसंबर तक का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने कहा कि लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता टीकाकरण, एसआईआर, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में जिम्मेदारी निभा रही हैं। कोरोना काल में भी उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जागरूक करने का काम किया। इसके बावजूद सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।ब्लॉक अध्यक्ष ममता पुरी ने कहा कि पहले धरने के बाद भी मानदेय वृद्धि का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने तालाबंदी की, तब भी केवल आश्वासन ही मिला। अब फिर एक दिसंबर तक मानदेय बढ़ाने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
अंजू शर्मा ने कहा कि एक दिसंबर तक मानदेय वृद्धि का आश्वासन तो दिया गया है, लेकिन मानदेय में कितनी वृद्धि होगी, इस संबंध में अभी तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है। न ही कोई शासनादेश जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रही हैं और मांगें पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगी। इस दौरान राधा, नगमा, सोनम, छवि, सुमन, सहराज, मेहरुन्निसा, मुसर्रत और प्रवीण कल्याणी सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies