News

11/14/2026 2:28:49 PM

दैनिक रुड़की की सातवीं क्रॉस कंट्री दौड़ में सहारनपुर के धावकों का दबदबा, टॉप टेन में सात ने बनाई जगह


कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा समेत जनप्रतिनिधियों ने विजेताओं को किया सम्मानित, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के धावकों ने लिया हिस्सा


दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::

रुड़की। दैनिक रुड़की वेब चैनल की ओर से आयोजित सातवीं क्रॉस कंट्री दौड़ में उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए धावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सहारनपुर के धावकों का दबदबा रहा। 16 से 30 आयुवर्ग के टॉप टेन विजेताओं में सहारनपुर के सात धावकों ने स्थान बनाया। प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक अडानी ग्रुप के प्रतिनिधियों सहित कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर अनीता अग्रवाल, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती और कांग्रेस नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी सचिन गुप्ता, पंडित रजनीश शास्त्री ने विजेताओं को सम्मानित किया।


शनिवार को सोलानी पार्क गेट से अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे धावकों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता सोलानी पार्क से शुरू होकर मेहवड़ पुल होते हुए वापस सोलानी गेट पर संपन्न हुई। निर्धारित मार्ग पर धावकों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। आयोजन में मुख्य प्रायोजक अडानी ग्रुप के प्रतिनिधियों ने भी विजेता खिलाड़ियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।


16 से 30 आयुवर्ग में अजय ने प्रथम, विनीत ने द्वितीय और सागर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संजय कुमार चौथे, गौतम पांचवें, चेतन छठे, पोपिन सातवें, राजा आठवें, सुमित नौवें और अनुज दसवें स्थान पर रहे। वहीं 35 से 65 आयुवर्ग में डॉक्टर रतूड़ी ने प्रथम, सोनवीर ने द्वितीय और संजय सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हैं। दैनिक रुड़की की यह पहल सराहनीय है। खेल प्रतियोगिताओं से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।


जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं और वरिष्ठ धावकों की भागीदारी उत्साहजनक है। ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि रुड़की में इस तरह की खेल गतिविधियां लगातार आयोजित होनी चाहिए। इससे शहर में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनेगा और युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगा सकेंगे।


झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि खेल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दैनिक रुड़की ने विभिन्न जिलों के धावकों को एक मंच उपलब्ध कराकर सराहनीय कार्य किया है।कांग्रेस नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी सचिन गुप्ता ने कहा कि खेलों में जीत और हार से ज्यादा महत्वपूर्ण प्रतिभाग करना और अपने लक्ष्य के लिए मेहनत करना है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। 

दौड़ को कोच हरेन्द्र आर्य ने सफल कराया वहीं कार्यक्रम का संचालन शुभम चौहान ने किया। 

इस अवसर पर अडानी ग्रुप से एसपी सिंह,मनीषा राजपूत,विवेक सैनी, बहाव मलिक,आजाद समाज पार्टी से झबरेड़ा प्रत्याशी महक सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय अरोड़ा,महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी, कलियर विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमारी सैनी,विनीत शर्मा (चीनू पंडित)युवा भाजपा नेता सौरभ सैनी, चौधरी धीर सिंह रोड, प्रमोद भटनागर,मेजर हिमांशु भटनागर, अमन गोयल, प्रदीप गोयल, हर्ष प्रकाश काला, फरमान त्यागी, नवीन जैन, अभिषेक चंद्रा और जितेंद्र तोमर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies