
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से मोहा मन
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। लायंस क्लब रुड़की की ओर से शनिवार को पाडली गुर्जर स्थित लायंस स्कूल में बाल दिवस एवं विद्यालय के 44वें स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा मां सरस्वती और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर लायंस क्लब की अध्यक्ष प्रीति मैदिरत्ता और स्कूल चेयरमैन डॉ. पीके गुप्ता ने प्रधानाचार्य, शिक्षिकाओं एवं कार्यक्रम आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया।

लायन यश नारंग, एसके शर्मा और केके शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। एमजेएफ लायन अरविंद कश्यप ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सचिव लायन रीतिका सरीन, कोषाध्यक्ष लायन रेणु शर्मा, जेडी महंत, अनिल पांधी, अभिषेक सरीन, गुरप्रीत सचदेवा, रंजना गुप्ता, नीलू नारंग, रीतिका महंत और वंदना पांधी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. शालिनी जोशी और निखिल पंत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को भोजन प्रसाद वितरित किया गया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies