
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। देश की अग्रणी समाजसेवी संस्था राउंड टेबल इंडिया के तत्वावधान में रुड़की राउंड टेबल 353 की ओर से शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा एवं सामाजिक उत्थान के कार्य किए जा रहे हैं। संस्था शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जरूरतमंदों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

राउंड टेबल इंडिया का मुख्य उद्देश्य 'शिक्षा के माध्यम से स्वतंत्रता' के संकल्प को साकार करना है। संस्था का मानना है कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जरूरी बुनियादी सुविधाएं मिलना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से संस्था देशभर में वंचित वर्ग के बच्चों के लिए आधुनिक कक्षाओं का निर्माण, विद्यालयों का जीर्णोद्धार, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन और आपदा राहत जैसे कार्य कर रही है।

इसी कड़ी में रुड़की राउंड टेबल 353 भी 'एडॉप्ट, अडॉप्ट, इम्प्रूव' और 'ब्रिजिंग गैप्स, बिल्डिंग स्माइल्स' की थीम पर काम कर रही है। संस्था की ओर से हाल ही में पाडली गुर्जर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पंखे वितरित किए गए। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने और खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने के कार्य भी किए जा रहे हैं। वहीं जरूरतमंद लोगों के लिए चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी सेवा कार्य भी किए गए हैं।
संस्था के चेयरमैन विभोर अग्रवाल ने बताया कि टीम का लक्ष्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचकर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाना है। इस सामाजिक अभियान में उपाध्यक्ष कुणाल सहदेव, सचिव नमन मित्तल, कोषाध्यक्ष अक्षत जैन और निवर्तमान अध्यक्ष आयुष मित्तल सहित संस्था के सभी सदस्य समर्पण भाव से योगदान दे रहे हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies