दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर माधोपुर निवासी सोनू उर्फ गागा को जिला बदर कर दिया। पुलिस ने उसे ढोल बजाकर जनपद की सीमा से बाहर रवाना किया। साथ ही एक माह तक हरिद्वार जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करने की सख्त हिदायत दी।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के तहत सोनू उर्फ गागा पुत्र रिजवान निवासी माधोपुर, रुड़की को न्यायालय के आदेश पर जिला बदर किया गया। पुलिस टीम उसे हरिद्वार की सीमा से बाहर मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) की ओर छोड़कर आई।
पुलिस के मुताबिक, सोनू उर्फ गागा के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 का मुकदमा संख्या 208 तथा वर्ष 2023 के मुकदमा संख्या 251 और 691 शामिल हैं।जिला बदर की कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई धर्मेंद्र राठी, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि और कांस्टेबल राहुल खन्ना शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies