
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। खेल के मैदान पर उत्कृष्ट प्रदर्शन और बेहतरीन खेल भावना का परिचय देते हुए बेलड़ा की टीम ने मेहवड़ कला क्रिकेट प्रतियोगिता में एक बार फिर इतिहास रच दिया है। विनीत शर्मा उर्फ चीनू द्वारा आयोजित इस रोमांचक टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बेलड़ा ने तेलीवाला की टीम को शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। वहीं बेलड़ा के खिलाड़ियों ने अपनी शानदार रणनीति और जुझारू खेल से मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
विजयी टीम बेलड़ा के खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथियों से ट्रॉफी ग्रहण की। इस अवसर पर आशीष चौधरी ने टीम की ओर से विजेता ट्रॉफी स्वीकार की। विजेताओं को विनीत शर्मा उर्फ चीनू, इमलीखेड़ा के अध्यक्ष मनोज सैनी, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी और उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स द्वारा सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता के आयोजकों द्वारा विजेता टीम बेलड़ा को 35,000 रुपये की नकद धनराशि और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता रही तेलीवाला की टीम को 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

विनीत शर्मा ने कहा कि इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान रुड़की क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में गजब का उत्साह और जोश देखने को मिला। मैदान पर खिलाड़ियों द्वारा दिखाए गए बेहतरीन शॉट्स और रोमांचक मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को अंत तक बांधे रखा। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का कार्य करती हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन और एकता की भावना को भी मजबूत करती हैं।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies