एमआरआईडीसी के सीएसआर सहयोग से झवरेड़ी कलां के राजकीय विद्यालय को मिली सुविधा
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)':
रुड़की। रोटरी क्लब रुड़की सेंट्रल की ओर से सोमवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय झवरेड़ी कलां में विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर कूलर भेंट किया गया। विधिवत समारोह के दौरान वाटर कूलर का उद्घाटन किया गया।

यह परियोजना महाराष्ट्र रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमआरआईडीसी) के सीएसआर फंड के सहयोग से पूरी हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईपीडीजी रोटेरियन रवि प्रकाश रहे। क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अनिल चड्ढा, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रोटेरियन डॉ. अचल मित्तल और क्लब सचिव रोटेरियन सतीश गर्ग सहित ग्राम प्रधान, गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि रवि प्रकाश ने क्लब के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने वाले ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने क्लब को भविष्य में भी जनहित के कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. अचल मित्तल ने बताया कि एमआरआईडीसी के सीएसआर सहयोग से यह परियोजना पूरी हुई है। इससे विद्यालय के विद्यार्थियों और स्टाफ को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
क्लब अध्यक्ष अनिल चड्ढा ने कहा कि रोटरी क्लब समाज की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्य करता है, जिनका सीधा लाभ आमजन को मिले। विद्यालय में वाटर कूलर की स्थापना इसी दिशा में एक सार्थक पहल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं स्टाफ ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में क्लब सचिव सतीश गर्ग ने सभी अतिथियों, एमआरआईडीसी, ग्राम प्रधान और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies