छप्पन भोग लगाकर किया पूजन, अनुष्का गोयल का प्रसाद रहा प्रथम स्थान पर; चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता भी हुए सम्मानित
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। गौशाला सभा चावमंडी में गोपाष्टमी पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गोबर से भगवान गोवर्धन महाराज की 31 फीट लंबी भव्य प्रतिमा तैयार की गई, जिसके दर्शन के लिए शहर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु गौशाला पहुंचे। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गोवर्धन महाराज को लगाया गया छप्पन भोग रहा। श्रद्धालु अपने घरों से विभिन्न प्रकार के पकवान और प्रसाद तैयार कर लाए थे। सभी भोग को एक स्थान पर सजाकर रखा गया। इसके बाद निर्णायक मंडल ने उनमें से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए चयन किया। इसमें अनुष्का गोयल द्वारा लाए गए प्रसाद को प्रथम, एचएम कपूर के प्रसाद को द्वितीय तथा अनिल द्वारा लाए गए भोग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर गौशाला सभा की ओर से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को भी सम्मानित किया गया। बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मन मोह लिया।

गौशाला सभा के अध्यक्ष प्रमोद गोयल ने कहा कि गोपाष्टमी का पर्व भारतीय संस्कृति में गाय के प्रति श्रद्धा, सेवा और संरक्षण का संदेश देता है। गौमाता हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का अभिन्न अंग हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है।
महामंत्री प्रवीण संधू ने कहा कि गौशाला सभा का प्रयास है कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सेवा, संस्कार और आपसी एकता की भावना को मजबूत किया जाए। गोवर्धन महाराज की 31 फीट लंबी प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।सहसचिव एवं प्रतियोगिता संयोजक डॉ. राजकुमार उपाध्याय ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें भारतीय संस्कृति से परिचित कराना ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में वीरेंद्र गर्ग, अनिल गोयल, अरविंद गौतम, एचएम कपूर, मनोज गोयल, रामगोपाल, बीबी गुप्ता, इंदर बधान, संजीव गोयल, संजय गोयल, अमित गोयल, पवन सचदेवा, सुरेश आनंद, अजय गुप्ता, आशीष गुप्ता, अनुराग गोयल, पंकज जिंदल, प्रदीप पारूथी, प्रवीण सब्बरवाल, सुबोध गुप्ता, मयंक गुप्ता, अनुज त्यागी, बृज मोहन सैनी, प्रवीण गर्ग, सुशील रावत, मनीष श्रीवास्तव, संगीता श्रीवास्तव, दिव्यांशी कटियार, सीमा उपाध्याय, राधा शर्मा और साक्षी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies