अब हरिद्वार और देहरादून जाने की जरूरत नहीं, 41 सीटर दो नई बसों से यात्रियों को मिलेगी सीधी सुविधा
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। शहरवासियों को नैनीताल जाने के लिए अब हरिद्वार या देहरादून से बस पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रुड़की से नैनीताल के लिए सीधी बस सेवा शुरू हो गई है। बुधवार को कैबिनेट मंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि रुड़की रोडवेज डिपो को दो नई बीएस-6 श्रेणी की बसें मिली हैं। पहाड़ी मार्गों पर संचालन के लिए विशेष रूप से उपयुक्त इन बसों में 41 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि रुड़की से नैनीताल के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अभी तक नैनीताल जाने के लिए लोगों को हरिद्वार या देहरादून जाकर बस पकड़नी पड़ती थी, लेकिन अब रुड़की से ही सीधा सफर किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि रुड़की डिपो को जल्द ही अन्य नई बसें भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आगामी कुंभ मेले को देखते हुए नई इलेक्ट्रिक बसें भी आने वाली हैं। इन बसों का संचालन देहरादून और हरिद्वार से विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
इस दौरान परिवहन विभाग के महाप्रबंधक (संचालन) प्रतीक जैन, पार्षद पंकज सतीजा, सरदार सतवीर सिंह, अनुराग त्यागी, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशुतोष सैनी, अवनीश शर्मा, कविश मित्तल और दीपक बत्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies