News

11/19/2026 2:53:35 PM

दिल्ली साइबर सेल की रुड़की में दबिश,कुछ लोग हिरासत में

ठगी की रकम पुरानी तहसील के लोगों के बैंक खातों में पहुंचने का मामला, गंगनहर पुलिस को साथ लेकर की कार्रवाई

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::

रुड़की। साइबर ठगी के एक मामले की जांच के सिलसिले में दिल्ली साइबर सेल की टीम ने रुड़की में छापेमारी कर कई लोगों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि साइबर ठगी के माध्यम से हासिल की गई रकम रुड़की के पुरानी तहसील क्षेत्र के कुछ लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

जानकारी के अनुसार, साइबर ठगी के एक मामले की जांच कर रही दिल्ली साइबर सेल को जांच के दौरान कुछ बैंक खातों में ठगी की रकम पहुंचने के साक्ष्य मिले। इन खातों का संबंध रुड़की के पुरानी तहसील क्षेत्र के लोगों से सामने आने के बाद दिल्ली साइबर सेल की टीम रुड़की पहुंची। यहां गंगनहर कोतवाली पुलिस को साथ लेकर पुरानी तहसील क्षेत्र में दबिश दी गई और पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।

गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में अपराध की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।वहीं, सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों में मुजफ्फरनगर के एक बड़े अपराधी का करीबी रिश्तेदार भी शामिल बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies